कनकई नदी कटाव से प्रधानमंत्री सड़क पर खतरा,आरडब्ल्यूडी टीम ने किया निरीक्षण

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत मटियारी गांव स्थित कनकई नदी में तेज कटाव के कारण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क पर खतरा मंडराने लगा है। बुधवार को ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) के कार्यपालक अभियंता विद्या प्रसाद एवं सहायक कनीय अभियंता ने कटाव स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मो. सफर हुसैन भी मौजूद रहे।

मुखिया प्रतिनिधि मो. सफर हुसैन ने बताया कि यदि समय रहते कटाव निरोधक कार्य नहीं कराया गया तो प्रधानमंत्री सड़क के साथ-साथ आसपास का गांव भी नदी में समा सकता है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे कटाव से ग्रामीणों में भय का माहौल है तथा जान-माल के नुकसान की आशंका बढ़ गई है। यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ती है, इसलिए सड़क क्षतिग्रस्त होने पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व बहादुरगंज विधायक तौसीफ आलम ने भी स्थानीय लोगों की शिकायत पर कटाव स्थल का निरीक्षण किया था। विधायक ने मौके से ही सड़क विभाग के अधिकारियों को स्थिति की जानकारी देकर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद विभागीय अधिकारियों द्वारा स्थल जांच की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि सड़क और गांव को सुरक्षित बचाया जा सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई