15 मिनट का ‘ब्लैकआउट’ और मेगा मॉकड्रिल,बम विस्फोट या हवाई हमले जैसी काल्पनिक स्थितियां बनाई जाएंगी

SHARE:

कटिहार- जिले में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने एवं आमजनों को आपातकालीन स्थितियों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक बड़ी कवायद की जा रही है।बृहस्पतिवार को शहर में हवाई हमले की स्थिति से निपटने के लिए एक ‘मेगा मॉकड्रिल’ का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभ्यास के दौरान शाम 7:00 बजे से 7:15 बजे तक पूरे शहर में पूर्णतः ब्लैकआउट’ किया जाएगा।

उक्त जानकारी जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रेस वार्ता आयोजित कर दी है। मॉकड्रिल की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय वायुसेना के निर्देशों के पालन में शाम ठीक 07 बजे सायरन बजाया जाएगा। रुक-रुक कर बजने वाला यह सायरन हवाई हमले के खतरे का संकेत होगा। जिसे सुनते ही नागरिकों को अपने घरों, दुकानों और संस्थानों की लाइटें बंद कर देनी होगी।

उन्होंने बताया कि जब सायरन लगातार दो मिनट तक बजेगा, तो इसका अर्थ होगा कि खतरा टल चुका है और स्थिति सामान्य हो गई है।अनुमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न सिंह यादव ने स्पष्ट किया है कि मॉकड्रिल के दौरान न केवल बिजली की लाइटें, बल्कि जेनरेटर, इन्वर्टर, वाहन की हेडलाइट और मोबाइल टॉर्च का उपयोग भी वर्जित रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे खिड़कियों और रोशनदानों को पर्दों से ढंक लें ताकि अंदर की हल्की रोशनी भी बाहर न दिखे।

इस अभ्यास के दौरान जिला प्रशासन, नागरिक सुरक्षा निदेशालय, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन करेंगी। शहर के विभिन्न चिन्हित स्थानों पर बम विस्फोट या हवाई हमले जैसी काल्पनिक स्थितियां बनाई जाएंगी।वहीं घायलों को प्राथमिक उपचार देने और भीड़ नियंत्रण का अभ्यास किया जाएगा। प्रशासन ने नागरिकों से इस अभ्यास में अनुशासित रहकर सहयोग करने और किसी भी प्रकार की अफवाह से नहीं घबराने का अनुरोध किया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई