आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान – महापौर

SHARE:

शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश – नगर आयुक्त

नगर निगम की सशक्त स्थायी
समिति की बैठक आयोजित

लिये गये कई अहम फैसले

कटिहार – नगर निगम के महापौर कार्यालय कक्ष में मंगलवार को सशक्त स्थायी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी महापौर उषा देवी अग्रवाल ने की। बैठक में शहर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने,नगर निगम कर्मियों की समस्याओं के समाधान तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

इस दौरान निगम कर्मचारियों के वेतन से संबंधित लंबित मामलों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। समिति ने कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर सहमति जताई। महापौर उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम परिवार के हितों की रक्षा करना प्राथमिकता है और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा।

इसके अलावा शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए अस्थायी टोटो एवं ऑटो स्टैंड को सुव्यवस्थित करने पर विशेष चर्चा की गई। समिति ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में यह भी कहा गया कि टोटो और ऑटो के लिए निर्धारित स्थान तय कर शहर में यातायात को सुचारु बनाया जाएगा। ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।

बैठक में पूर्व में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक के निर्णयों की भी समीक्षा की गई। जिन योजनाओं एवं प्रस्तावों पर कार्य प्रगति पर है। उनकी स्थिति की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शहर की साफ-सफाई, जलनिकासी, सड़क व्यवस्था और अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि कटिहार नगर निगम शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर को स्वच्छ,सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

निगमायुक्त ने कहा कि नगर निगम द्वारा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। ताकि शहर के लोगों को बेहतर वातावरण और सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान उपमहापौर मंजूर खान , सहायक अभियंता विवेक कुमार , नगर प्रबंधक ज्योति कृष्णमुर्ति,कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह,स्वछता पदाधिकारी राहुल कुमार , स्थायी सशक्त कमिटी के सदस्य वार्ड पार्षद मनीष घोष,दिनेश पांडे,संतोष देवी, प्रधान सहायक सलीम परवेज एवं निगम कर्मी मौजूद रहे ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई