बड़ी भैंसदिरा चौक पर राहगीरों व दुकानदारों को हो रही परेशानी
जल्द मरम्मत की मांग
बरारी /कटिहार – प्रखंड के बड़ी भैंसदिरा चौक पर लगाई गई हाई मास्ट लाइट अपनी उपयोगिता खोती नजर आ रही है। करीब एक महीने से लाइट बंद पड़ी है, जिससे रात के समय चौक पर अंधेरा पसरा रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत कर रोशनी बहाल करने की मांग की है।
वार्ड सदस्य मुकेश कुमार, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अखिलेश कुशवाहा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष विजय झा, राकेश कुमार, हीरा मंडल एवं अक्षय गुप्ता ने बताया कि पहले हाई मास्ट के सभी आठों बल्ब जलते थे, जिससे पूरे चौक और आसपास के इलाके में पर्याप्त रोशनी रहती थी। लेकिन अब स्थिति यह है कि हल्की रोशनी मात्र यह एहसास कराती है कि यहां हाई मास्ट लाइट लगी हुई है, जबकि इसका वास्तविक लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रात में आने-जाने वाले राहगीरों को अंधेरे के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं चौक पर स्थित दुकानदारों में चोरी की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से अविलंब खराब हाई मास्ट लाइट की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में बीपीआरओ राजकुमार सिंह ने बताया कि हाई मास्ट लाइट खराब होने की शिकायत मिलने के बाद विभाग को पत्र भेज दिया गया है। जल्द ही मरम्मत कराकर लाइट चालू करा दी जाएगी।


























