प्राणपुर/कटिहार – प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में प्रखंडस्तरीय बाढ़ अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख अमित साह तथा संचालन अंचलाधिकारी शिखा कुमारी ने की। बैठक में उप प्रमुख मो. रफीक, जदयू प्रखंड अध्यक्ष लड्डू सिंह, सांसद प्रतिनिधि मो. सऊद आलम, एमएलसी प्रतिनिधि प्रमोद अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य शैदूल निशा, बीडीओ मनीषा कुमारी सहित सभी मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य स्वास्थ्य,थाना सहित अन्य विभागीय पदाधिकारियों के अंचल एवं प्रखंड कर्मी उपस्थित थे।
पूर्व बैठक की समीक्षा के बाद आगामी बाढ़ को लेकर पंचायत जनप्रतिनिधियों द्वारा बाढ प्रभावित पंचायतों एवं वार्डों को चिह्नित कराते हुए वहाॅ की समस्याओं के समाधान को लेकर पूर्व तैयारी कर लेने का सुझाव दिया।वहीं दर्जनों कटिगों में नाव की आवश्यकता भी जताई गई। प्रमुख अमित साह ने कहा कि प्राणपुर प्रखंड हर वर्ष महानंदा एवं गंगा का बाढ़ पानी से प्रभावित होता है और लोगबाग से जूझते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि बाढ के समय पदाधिकारियों द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का का निरीक्षण किया जाता है,लेकिन रिपोर्ट जिला नहीं भेजे जाने से प्रभावित परिवार बाढ सहायता से वंचित रह जाते हैं और लोगों में आक्रोश व्याप्त रहता है। बैठक में उपस्थित पंचायत जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में प्रमुख की शिकायत को सही बताया।
अंचलाधिकारी ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि इस बार किसी तरह की शिकायत नहीं होगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का रिपोर्ट जिला को भेजा जाएगा। बस्तौल मुखिया मो. मुजाहिद आलम, केवाला मुखिया तारीक अनवर, सहजा मुखिया जहांगीर आलम, केहुनियां मुखिया मो. हन्नान, प्राणपुर मुखिया प्रमोद सिंह ने दुर्गापुर से लाभा होते हुए भरतकौल तक महानंदा तटबंध सड़क की जर्जर स्थिति से पदाधिकारियों को अवगत कराया और कहा कि अंचलाधिकारी स्वयं भी घूम कर स्थिति का जायजा ले सकते हैं। अंचलाधिकारी ने भी तटबंध की सड़क के जर्जर हो जाने की बात स्वीकार किया।बैठक में तैयारियों की समीक्षा कर कई प्रस्ताव भी लिया गया।


























