सागर चंद्रा/ किशनगंज
बहादुरगंज थाना क्षेत्र निवासी युवती ने शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने और अंतरंग पलों का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के लिखित शिकायत पर कोचाधामन थाना क्षेत्र के हल्दीखोड़ा गांव निवासी मिस्टर रेजा के विरुद्ध महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी का पूर्व से ही पीड़िता के घर आना जाना था। आरोपी रेजा पीड़िता पर बुरी नजर रखता था और अक्सर छेड़छाड़ करता था। गत 11 मई 2024 को जब वह घर में अकेली थी इसी दौरान आरोपी उसके घर में घुस आया और जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान रेजा ने पीड़िता को धोखे में रखकर चुपके से अंतरंग पलों को अपनी मोबाइल में कैद कर लिया।
घटना के बाद उसने पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मुंह बंद रखने की कड़ी हिदायत दी। घटना के बाद रेजा पीड़िता को ब्लैकमेल कर लगातार दुष्कर्म करने लगा। जब पीड़िता ने विरोध किया तो उसने पीड़िता को शादी करने का झांसा दिया। जिससे एकबार फिर से पीड़िता उसके झांसे में आ गई।
लेकिन कुछ ही दिनों के बाद आरोपी रेजा रोजगार की तलाश में विदेश चला गया। विदेश से ही उसने पीड़िता से पांच लाख रुपये की मांग की और रुपये नहीं देने पर वीडियो नोबल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी। जिससे पीड़िता घबरा गई और मदद की गुहार लगाने पुलिस के समक्ष जा पहुंची। महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




























