बेटी जन्म देने पर ससुराल वालों ने किया प्रताड़ित, केस दर्ज

SHARE:

सागर चंद्रा/किशनगंज

ठाकुरगंज थाना क्षेत्र निवासी महिला ने बेटी को जन्म देने पर पति और ससुराल वालों के द्वारा प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के लिखित शिकायत पर महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार पीड़िता जिनत खातून की शादी तीन वर्ष पूर्व हुई थी। जिससे उसे एक बेटी भी है।
लेकिन बेटी को जन्म देने के बाद से ही पति और ससुराल वाले उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। विगत दिनों जब पति रोजगार के लिए हरियाणा चला गया तो ससुराल वाले उसपर जुल्म ढाने लगे।

इतना ही नहीं हत्या करने की धमकी देकर पीड़िता पर तलाक देने का दबाव बनाया जाने लगा। इधर पति ने भी खाना खर्चा देना बंद कर दिया और साथ रखने से इंकार कर दिया।

इसके बावजूद पीड़िता अपना घर टूटने से बचाने और बेटी के लालन-पालन के लिए दूसरे के घरों में चौका बर्तन का काम करने लगी। लेकिन ससुराल वालों के प्रताड़ना का दौर खत्म नहीं हुआ। रोज रोज की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता न्याय की गुहार लगाने महिला थाने पहुंच गई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई