संवाददाता/ किशनगंज
रविवार को शहर के रूईधासा स्थित किशनगंज क्लब में हेलो किड्स स्कूल द्वारा मदर्स डे बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने डांस, ड्रामा एवं अन्य आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति देख अभिभावक एवं अतिथि भावविभोर हो उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा सभागार गूंज उठा।
विद्यालय की ओर से हर वर्ष मदर्स डे के अवसर पर इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें बच्चे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए कैंडल लाइटिंग समेत कई विशेष गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसने आयोजन को और भावनात्मक बना दिया।
विद्यालय की प्रिंसिपल सुलंजना बोस ने कहा कि मां का स्थान हर व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है। मां के बिना जीवन अधूरा है। बच्चों को बचपन से ही मां के त्याग, प्रेम और योगदान को समझाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मुदब्बिर अहसन के अलावा ज्योति गुप्ता, सुमित्रा राय, सना अमीन, ज्योति कुमारी, आभा दुबे, तान्या राय, गजाला, अल्बिना राय, मुस्कान थापा, क्रिस्टीना थापा, इतु मजूमदार, ऊषा टुडू सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।




























