कुरसेला /कटिहार -कुरसेला के एनएच – 31 स्थित कटरिया पुलिस चेक पोस्ट के पास से शनिवार की रात पुलिस ने आई ट्वेंटी लग्जरी कार से 20 किलो गांजा बरामद किया है।मामले में कार चालक समेत एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाबगंज निवासी रेखा देवी और छोटू कुमार मंडल के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नवाबगंज से एक चारपहिया वाहन द्वारा गांजा की बड़ी खेप नवगछिया की ओर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और एनएच-31 पर वाहन की घेराबंदी कर पीछा करते हुए कटरिया पुलिस पिकेट के पास उसे दबोच लिया गया। वाहन की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के दो बड़े थैलों में छिपाकर रखा गया 20 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया गया।




























