कटिहार:नेकुला में गूंजा हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय बना गांव

SHARE:


 
सालमारी /कटिहार – बलिया बेलौन क्षेत्र के निस्ता पंचायत अंतर्गत नेकुला गांव इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। करीब 25 से 30 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद गांव में आयोजित श्री श्री 108 हरिनाम संकीर्तन और यज्ञ को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखने को मिला।

धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे कार्यक्रम को भव्य रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें 501 महिलाओं ने कलश लेकर भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल महिलाओं ने भक्ति गीतों और हरिनाम संकीर्तन के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र हरे राम हरे कृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।

शोभायात्रा में शामिल युवाओं और ग्रामीणों ने अनुशासन के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। शनिवार से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ की शुरुआत हुई। यज्ञ में दूर दराज के श्रद्धालुओं ने भी पहुंचकर पूजा अर्चना की और गांव की सुख समृद्धि की कामना की। आयोजन समिति के अनुसार इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में गांव के सभी परिवारों का सहयोग सराहनीय रहा। ग्रामीणों ने तन, मन और धन से योगदान देकर आयोजन को यादगार बना दिया।

धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भव्य रासलीला का भी आयोजन किया गया। जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रासलीला में भगवान श्रीकृष्ण और राधा की लीलाओं का मनमोहक मंचन किया गया।जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ बनी रही। यज्ञ एवं संकीर्तन कार्यक्रम का संचालन पंडित शालिग्राम ठाकुर, पंकज दीक्षित और बबलू जी सहरानीय सहयोग रहा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई