पटना में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण – संजय कुमार सिंह

SHARE:

टीआरई-4 अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के खिलाफ कांग्रेस का हमला, कहा युवाओं के साथ हो रहा छल

कटिहार – बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से शिक्षक भर्ती परीक्षा टीआरई-4 का विज्ञापन जारी करने में लगातार हो रही देरी और पटना में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन ने स्थानीय राजेंद्र आश्रम कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने पटना के जेपी गोलंबर पर छात्रों पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि टीआरई-4 के लाखों अभ्यर्थियों को लगातार गुमराह किया जा रहा है। आयोग बार-बार विज्ञापन जारी करने की नई तारीख बताकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 से ही अधियाचना मिलने की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया। हाल ही में परीक्षा नियंत्रक ने 19 अप्रैल तक विज्ञापन जारी करने और 25-26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की बात कही थी, लेकिन 8 मई तक भी कोई विज्ञापन जारी नहीं हुआ।

इसी के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र पटना पहुंचे थे, जहां पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें हटाया और कई छात्र घायल हो गए। संजय कुमार सिंह ने कहा कि टीआरई-4 के तहत कुल 46,882 पदों पर नियुक्ति होनी है, जिसमें शिक्षा विभाग, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग में माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, प्राथमिक और मध्य विद्यालयों में बड़ी संख्या में रिक्तियां हैं, लेकिन सरकार भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी छात्रों के आंदोलन के साथ खड़ी है और आगे प्रदेश नेतृत्व जो भी रणनीति तय करेगा, कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी उसमें पूरी मजबूती से भागीदारी निभाएगी।

प्रेस वार्ता में पार्टी के जिला प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला, नगर अध्यक्ष अ पुतुल सिंह, नगर अध्यक्ष ब रिंकू मिश्रा, अररिया कांग्रेस प्रभारी नैयर मसूद खान, युवा अध्यक्ष मन्नी पासवान, प्रदेश युवा नेता मो इश्तियाक, राज आनंद सिंह, मीनाक्षी श्वेता,प्रीतम चक्रवर्ती, धीरेन्द्र चन्द्र गुप्ता, मोहर्रम खान समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई