अवैध दवा कारोबार की सूचना पर मेडिकल स्टोर और घर में छापा,संचालक गिरफ्तार

SHARE:

बरारी /कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र के बरारी हाट-सिवाना रोड स्थित जीवन ज्योति मेडिकल स्टोर में गुरुवार को औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार की सूचना मिलने के बाद की गई। करीब तीन घंटे तक चली इस कार्रवाई में मेडिकल स्टोर के साथ-साथ संचालक के आवास की भी सघन जांच की गई।

मामले में मेडिकल स्टोर संचालक अरविंद चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। छापेमारी का नेतृत्व ड्रग इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम कर रहे थे। उनके साथ चार सदस्यीय औषधि निरीक्षक टीम,बरारी थानाध्यक्ष सुमेश कुमार, एसआई प्रियंका कुमारी, एसआई अमन कुमार, एसआई राजनेता कुमार सहित पुलिस बल मौजूद था। जांच के दौरान टीम ने गांधीग्राम बारीनगर स्थित संचालक के आवास पर भी तलाशी ली।

ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि थाना से सूचना मिली थी कि मेडिकल स्टोर में अवैध रूप से दवाओं का कारोबार किया जा रहा है। सहायक औषधि नियंत्रक के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई की। जांच में मेडिकल स्टोर से कोई आपत्तिजनक दवा बरामद नहीं हुई ।

लेकिन आवास से एनआरएक्स श्रेणी की दो प्रकार की दवाएं मिलीं।उन्होंने बताया कि बरामद दवाओं से संबंधित लाइसेंस, खरीद -बिक्री अथवा भंडारण का कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। प्रथम दृष्टया मामला अवैध भंडारण का प्रतीत हो रहा है। मौके पर बीडीओ धीरेंद्र कुमार धीरज भी मौजूद रहे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई