संवाददाता : अरुण कुमार
अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। घर में सो रही एक 17 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक युवती की पहचान चांदनी के रूप में हुई है। घटना थाना क्षेत्र के घोड़ाघाट वार्ड संख्या-1 की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार चांदनी अपने घर में सोई हुई थी। इसी दौरान घर के समीप रहने वाला युवक मो कासिफ अचानक घर में घुस आया और युवती पर गोली चला दी।
गोली लगते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन चीख-पुकार करने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि चांदनी की शादी इसी महीने तय हुई थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग बेटी की शादी को लेकर खुशियों में डूबे हुए थे, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोली लगने के बाद परिजन आनन-फानन में युवती को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिवार के लोग बेसुध हो गए। अस्पताल परिसर में भी काफी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। एसडीपीओ मुकेश कुमार साह ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




























