भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी का योग जागरूकता अभियान, स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं बटालियन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में लगातार योग जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस” से 100 दिन पूर्व शुरू किए गए विशेष कार्यक्रमों की कड़ी में गुरुवार को “ई” समवाय माफीटोला के तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों में योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के तहत उच्च मध्य विद्यालय हरिहरपुर, सीमा चौकी फतेहपुर अंतर्गत उत्क्रमिक मध्य विद्यालय फतेहपुर तथा सीमा चौकी पेकटोला के प्राथमिक विद्यालय पेकटोला में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। इस दौरान विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक- शिक्षिकाएं, एसएसबी के जवान एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।योग कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

एसएसबी के जवानों द्वारा योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति अनुशासित एवं ऊर्जावान जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र- छात्राओं को दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी कार्मिकों एवं उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।


एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व आयोजित किए जा रहे ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों एवं ग्रामीणों में उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक योग संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर लिए गए छायाचित्र भी अवलोकनार्थ उपलब्ध कराए गए हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई