संवाददाता: रणविजय
पौआखाली के प्लस टू हाईस्कूल मैदान में इन दिनों भक्ति की अविरल धारा बह रही है। अवसर है भव्य हरिनाम संकीर्तन समारोह का, जिसका आज तीसरा दिन है। आस्था का आलम यह है कि बारिश के बावजूद भारी संख्या में भक्त यहाँ पहुँच रहे हैं। पूरा वातावरण ‘हरे कृष्णा-हरे रामा’ के उद्घोष से गुंजायमान है।बिहार, बंगाल और नेपाल की मंडलियां इस दिव्य आयोजन की सबसे बड़ी खासियत है।
यहाँ बिहार, बंगाल और नेपाल से आई नामचीन कीर्तन मंडलियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया है।संगीत की मधुर धुन और हरिनाम के जाप पर भक्त खुद को थिरकने झूमने से रोक नहीं पा रहे हैं। मैदान में बने भव्य पंडाल में भगवान श्री कृष्ण, राधा रानी और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। दूर-दराज से आए श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर रहे हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद ले रहे हैं।
श्रद्धालुओं का कहना है कि संकीर्तन के श्रवण मात्र से ही मन को असीम शांति की अनुभूति हो रही है। धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ यहाँ सेवा का भाव भी चरम पर है। आयोजन समिति द्वारा सभी आगंतुक भक्तों के बीच खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण निरंतर किया जा रहा है।
अनुशासन और श्रद्धा के साथ लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान में नगर के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि अहमद हुसैन उर्फ लल्लू, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कामरान खान भी पहुंचे और आयोजन की प्रशंसा की है। आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के अध्यक्ष, कुणाल सिन्हा, उपाध्यक्ष सूरज कुमार राय, कोषाध्यक्ष शिवा राय के अलावे सोनू राय, गणेश राय, देव राय, देवा राय, सत्यम राय, विपुल राय, आकाश राय, शंभू राय, दुःखु राय, राहुल राय आदि युवा सक्रीय रूप से शामिल हैं।
























