किशनगंज/सागर चंद्रा
शहर के नेपालगढ़ कॉलोनी में एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान छोटी कुमारी (20) पति राजा सोनार के रूप में की गई है। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि पति ने गला दबाकर छोटी की हत्या कर दी है। शहर के सोनारपट्टी निवासी मृतका के पिता विजय सोनार के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात पति राजा ने छोटी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। लेकिन चिकित्सक ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मृतका के मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए। मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर उसकी पिटाई कर दी। जिससे कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर मौके पर पहुंची टाउन थाना पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित परिजनों के चंगुल से राजा को बचा कर हिरासत में ले लिया।
वहीं मृतका के पिता विजय सोनार ने बताया कि उन्होंने बड़े अरमानों के साथ छोटी की शादी गत 21 अप्रैल 2024 को बहादुरगंज थाना क्षेत्र के कसवा गांगी निवासी राजा सोनार के साथ की थी। शादी के वक्त मायके वालों ने छोटी की सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए यथासंभव उपहार भी दिया था।
लेकिन शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले दहेज की मांग कर छोटी को प्रताड़ित करने लगे थे। मामले को बिगड़ता देख कर छोटी ससुराल छोड़कर पति के साथ नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित भाड़े के मकान में रहने लगी। इस दौरान छोटी एक बेटे की मां भी बन गई। जबकि पति शहर के एक कपड़ा दुकान में काम करने लगा। लेकिन इस दौरान उसे शराब की बुरी लत लग गई। उसने अपनी लत की पूर्ति के लिए छोटी को उपहार में मिले गहनों को भी बेच दिया और छोटी से दहेज की मांग करने लगा था।
छोटी के द्वारा घटना की जानकारी दिये जाने के बाद स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई थी। लेकिन राजा के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। मायके वालों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति राजा ने छोटी की गला दबाकर हत्या कर दी है।
प्रभारी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर निसार अहमद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
























