किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कर्मियों ने भाग लिया, जिसमें जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निवारण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।मुख्य सचिव, बिहार सरकार एवं जिला पदाधिकारी, किशनगंज के निर्देशों के तहत यह निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को पंचायतवार ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा।
इन शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को आसानी से प्राप्त कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
बीडीओ अजय कुमार ने बताया कि प्रत्येक शिविर से 30 दिन पूर्व ही आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
शिविर से पहले संबंधित पंचायतों के राजस्व मामलों का निष्पादन कर लिया जाएगा। शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों को पंजीकृत कर ‘सेवा-संवाद- समाधान’ पोर्टल के माध्यम से उनका निपटारा किया जाएगा।शिविर के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी।
जो मामले प्रखंड स्तर पर संभव नहीं होंगे, उनके लिए आवेदकों को उचित प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
पंचायत स्तर पर कार्यपालक सहायक व डाटा एंट्री ऑपरेटर को नोडल कर्मी बनाया गया है, जो नियमित रूप से आवेदन प्राप्त कर रिपोर्ट देंगे। 19 मई 2026 को बैगना और खनियाबाद पंचायत में शिविर आयोजित होगा, जहां सभी विभागीय कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।


























