मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने खुद संभाला मोर्चा
कोढ़ा /कटिहार – नगर पंचायत में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी बारिश के कारण वार्ड नंबर 2 बडायक टोला और गोरगामा महादलित टोला के रिहाइशी इलाकों में भीषण जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। सड़कों से लेकर लोगों के घरों के आंगन तक पानी भर गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को आवाजाही और दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जनता की समस्याओं को देखते हुए नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने प्रभावित इलाकों का जमीनी दौरा किया। उन्होंने जलजमाव से घिरे बडायक टोला और महादलित टोला का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। निरीक्षण के उपरांत, मुख्य पार्षद ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर पंचायत के अधिकारियों और सफाई कर्मियों को तत्काल पानी निकासी का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जलजमाव की समस्या को दूर करने के लिए पंप सेटों का उपयोग किया जाए और नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके। नगर पंचायत के किसी भी नागरिक को बारिश और जलजमाव के कारण कष्ट नहीं होने दिया जाएगा।
प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ पानी निकालने के काम में जुटा है। धीरज कुमार सिंह मुख्य पार्षद ने स्वयं क्षेत्र में पहुंचने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश देने से स्थानीय ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है। फिलहाल प्रशासन जल निकासी के कार्यों में जुट गया है ताकि स्थिति को सामान्य बनाया जा सके।


























