रणविजय /पौआखाली
बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, पौआखाली पुलिस ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. माननीय न्यायालय के आदेशानुसार, उत्पाद अधिनियम के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला अभियुक्त आरती मुर्मू के घर पर विधिवत कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की गई है.
आरोपिता आरती मुर्मू, पिता- महदार मुर्मू, साकिन- काशीबाड़ी थाना- पौआखाली, जिला- किशनगंज, उत्पाद विभाग के एक कांड में नामजद आरोपी है. गिरफ्तारी के डर से वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रही थी.
बार-बार नोटिस और इश्तहार चस्पा किए जाने के बावजूद जब उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किया, तो न्यायालय ने कुर्की का आदेश निर्गत किया और उसी आदेश के तहत थानाध्यक्ष अंकित सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक महिमा कुमारी पुलिस बल के साथ कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने कुर्क की गई आरती मुर्मू के घर में रखे फर्नीचर आदि वस्तुओं को थाने ले आई है.


























