भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में उस समय सनसनी फैल गई जब बेखौफ अपराधियों ने नगर परिषद कार्यालय में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्णा भूषण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायल राजकुमार गुड्डू को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जारी है।घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें थैले में हथियार लेकर अपराधियों के कार्यालय में प्रवेश करते देखा जा सकता है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष Tejashwi Yadav ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बिहार चुनाव के दौरान “मारब सिक्सर की 6 गोली छाती में” जैसे बयान देकर भाजपा समर्थित तत्वों को बढ़ावा दिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि आज उसी का नतीजा है कि अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि “अब तो अपराधियों का ही मुख्यमंत्री है, और बीजेपी सरकार में हत्या जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं, जिसे वे ‘मंगलराज’ बता रहे हैं।”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।























