कटिहार – जनता दल यूनाइटेड की ओर से अतिपिछड़ा समाज की बेटी श्रीमती निवेदिता मंडल को पार्टी का राष्ट्रीय सचिव मनोनीत किए जाने पर कटिहार में उनके निज आवास पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जेडीयू के वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील कुमार सुमन, प्रदेश महासचिव शिवप्रकाश गारोदिया, नरेश शर्मा, संजय सिंह एवं अंकित सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं ने श्रीमती मंडल को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। मौके पर उपस्थित कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।मइस अवसर पर जेडीयू राजनीतिक सलाहकार समिति के सदस्य डॉ. सुशील कुमार सुमन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि अब पार्टी संगठन में भी सभी वर्गों और कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान देने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि श्रीमती निवेदिता मंडल की यह नियुक्ति न सिर्फ कटिहार बल्कि पूरे सीमांचल क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इससे साधारण कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को और मजबूती मिलेगी।डॉ. सुमन ने बताया कि श्रीमती मंडल लंबे समय से पार्टी से जुड़ी हुई हैं और उन्होंने संगठन के लिए समर्पित भाव से कार्य किया है। उनकी लगन, मेहनत और निष्ठा का ही परिणाम है कि पार्टी ने उन्हें इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित नेताओं ने एक स्वर में कहा कि श्रीमती निवेदिता मंडल के नेतृत्व में पार्टी को और मजबूती मिलेगी तथा आने वाले समय में जेडीयू और अधिक सशक्त होकर उभरेगी।कार्यक्रम के अंत में श्रीमती निवेदिता मंडल ने सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।




























