कोढ़ा/कटिहार – कोढ़ा थाना अंतर्गत महिनाथपुर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।शनिवार की सुबह एनएच – 31 के किनारे संगीता देवी (22) का शव मिलने से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। शनिवार तड़के महिनाथपुर निवासी टुनटुन सिंह की पुत्रवधू संगीता देवी का शव घर से करीब एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे पाया गया।
सूचना मिलते ही कोढ़ा पुलिस मौके पर पहुंची। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।
मृतका के गले पर फंदे के निशान और पीठ पर चोट के गंभीर घाव पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस ने पूछताछ के लिए मृतका के पति सूरज और ससुर टुनटुन सिंह को हिरासत में लिया है। मधेपुरा जिले के फुलौत सपनी गांव से आए मृतका के पिता देवेंद्र मेहता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पूर्व शादी के समय 5 लाख रुपये और अन्य सामान दिया गया था। लेकिन ससुराल वाले खुश नहीं थे।पांच दिन पहले ही सूरज अपनी पत्नी के साथ ससुराल आया था। जहाँ उसने सोने की चकती की मांग की थी।
मृतका के भाई सतीश ने बताया कि छह महीने पहले जब वह बहन से मिलने गया था। तब जीजा सूरज ने उसके साथ मारपीट की थी। जिसे बहन की सुख-शांति के खातिर उन्होंने छिपाए रखा।हमें क्या पता था कि वह अपनी पत्नी का ही हत्यारा बन जाएगा। वह इंसान नहीं,जानवर है।
शनिवार को कोढ़ा थाना परिसर में मृतका की माँ, पिता और भाई-बहनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। आक्रोशित परिजन बार-बार पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा रहे थे और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे थे। कोढ़ा पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। वहीं सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टु रंजन कुमार सिंह ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज किया गया है और मृतका के पति सहित सास ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है ।




























