तारिक अनवर का बड़ा ऐलान हर प्रखंड में खुलेगा सांसद शिकायत कार्यालय
कटिहार – सांसद तारिक अनवर ने शनिवार को अपने गामी टोला स्थित आवासीय कार्यालय परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार यादव को सांसद प्रतिनिधि नियुक्त करने की घोषणा की। सांसद ने कहा कि सुनील कुमार यादव लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और जनता के बीच उनकी अच्छी पकड़ है।
उन्हें सांसद प्रतिनिधि के रूप में लोकसभा क्षेत्र की समस्याओं को सुनने और समाधान की दिशा में कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुनील कुमार यादव प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस मौके पर सांसद तारिक अनवर ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब कटिहार लोकसभा क्षेत्र के हर प्रखंड में सांसद शिकायत कार्यालय खोले जाएंगे। प्रत्येक कार्यालय में शिकायत पेटी लगाई जाएगी। जिसमें आम लोग अपनी समस्याएं दर्ज कर सकेंगे। बाद में उन शिकायतों पर कार्रवाई कर समाधान की दिशा में कदम उठाया जाएगा। सुनील कुमार यादव को सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने के बाद उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है।
समर्थकों ने कहा कि संगठन में उनके अनुभव का लाभ अब जनता को मिलेगा और पार्टी को भी मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर दिलीप विश्वास, शहनवाज आलम,अंजुमन कौसर उर्फ आम्रपाली यादव, सउद मुखिया,पंकज तंबाकूवाला,राजा मिश्रा, अवधेश मंडल,संतोष यादव, विनोद यादव,जहांगीर आलम, अखिलेश पोद्दार,अब्दुल मन्नान, सुभाष यादव,चंदन यादव, रवि यादव,प्रीतम चक्रवर्ती सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुनील कुमार यादव को बधाई देते हुए सांसद तारिक अनवर के निर्णय का स्वागत किया।




























