वार्ड के विकास की उपेक्षा का लगाया आरोप
मनिहारी /कटिहार- मनिहारी नगर पंचायत में राजनीतिक खीचतान गहराता जा रहा है । वार्ड छः के वार्ड पार्षद श्रवण कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि 24 अप्रैल 2026 को मनिहारी नगर पंचायत कार्यालय में मासिक बैठक अध्यक्ष लाखो यादव की अध्यक्षता में बुलायी गयी थी। जिसका नगर क्षेत्र के विभन्न वार्डों के आधा दर्जन से अधिक वार्ड पार्षदों ने विरोध जताते हुए नगर कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन ई मेल के माध्यम से 23 अप्रैल 26 को दिया था। जिसमें आठ पार्षदों ने बैठक बहिष्कार की दस्तखत की है।
आवेदन में बनायी गयी दस्तखत की जांचोपरांत नगर कार्यपालक पदादिकारी ने एक वार्ड पार्षद वार्ड संख्या तीन की की हस्ताक्षर को फर्जी करार दे दिया था।बागी पार्षदों का नेतृत्वकर रहे वार्ड पार्षद श्रवण कुमार ने मुख्य पार्षद एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारी की कार्यशैली पर क्षोभ जताया है। कहा कि नवगठित सशक्त समिति व सामान्य बैठक में ली जानेवाली प्रस्ताव, कार्ययोजना की कोई जानकारी, मांगने पर भी उपलब्ध नहीं करायी जाती है।
बैठक के बहिष्कार के आवेदन पर वार्ड संख्या तीन की वार्ड पार्षद की दस्तखत की जांच इसकी विशेषज्ञ से कराने के बजाय कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा आनन फानन मे किये जाने को संदेहास्पद बताया। कहा कि इसकी जांच किसी विशेषज्ञ से कराना चाहिए था। श्री साह ने कहा कि इनकी मनमानी एवं पक्षपातपूर्ण कार्यशैली को लेकर नगर विकास विभाग के सचिव,जिला पदाधिकारी कटिहार सहित अन्य संबंधित अधिकारी को आवेदन देकर उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस मौके पर वार्ड संख्या एक के वार्ड पार्षद युगल पासवान ने भी नगर कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद पासवान की कार्यशैली के विरूद्ध इनके पूर्व के पदस्थापना वाली जगहों पर कई गंभीर आरोप की बात कही है। अपने उपर लगे आरोपों के संबंध में नगर कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद पासवान ने कहा कि उन पर लगे आरोपों की जांच विराधीन है। जांच जारी है। इस मौके पर आधा दर्जन से अधिक वार्ड पार्षद व उनके प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।




























