KishanganjNews:कास्त खर्रा में एमएमआरवाई द्वितीय किस्त हेतु प्रशिक्षण आयोजित, लाभुकों को दी गई विस्तृत जानकारी

SHARE:

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के चिल्हनियां पंचायत अंतर्गत कास्त खर्रा में शनिवार को संधिया जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की द्वितीय किस्त प्राप्ति को लेकर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योजना से जुड़े लाभुकों को आवश्यक दिशा-निर्देश, शर्तों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे योजना का समुचित लाभ उठाकर अपने स्वरोजगार को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा सकें।

प्रशिक्षण के दौरान सीएम चांदनी कुमारी, बीके कविता कुमारी ने संयुक्त रूप से बताया कि बिहार सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक परिवार की एक महिला को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उसे उद्यमी के रूप में स्थापित करना है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 10,000 रुपये की सहायता दी जाती है, जबकि व्यवसाय शुरू होने के छह माह बाद मूल्यांकन के आधार पर अधिकतम 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त राशि पांच चरणों में प्रदान की जाती है।

इस प्रकार कुल 2 लाख 10 हजार रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है।द्वितीय किस्त (20,000 रुपये) प्राप्त करने के लिए लाभुकों को निर्धारित मापदंडों को पूरा करना अनिवार्य है। इसमें प्रथम किस्त के सही उपयोग का प्रमाण, एमआईएस में परिवार की जानकारी दर्ज कराना, वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण प्राप्त करना, स्वयं सहायता समूह (SHG) की बैठकों में नियमित भागीदारी एवं लगातार तीन माह तक बचत करना शामिल है। इसके अलावा व्यवसाय योजना तैयार करना, ग्राम संगठन से अनुमोदन प्राप्त करना, आय-व्यय पंजी का संधारण तथा समूह से लिए गए ऋण का पूर्ण भुगतान भी जरूरी है।


अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी मापदंडों का पालन अनिवार्य है। यदि कोई लाभुक किसी भी शर्त को पूरा नहीं करता है, तो उसका आवेदन अस्थायी रूप से निरस्त कर दिया जाएगा। हालांकि, शर्तें पूरी करने के बाद वे पुनः आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण में बड़ी संख्या में महिला लाभुक उपस्थित रहीं और उन्होंने योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई