टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) किशनगंज के ‘ई’ समवाय माफिटोला कैंप में शनिवार को ग्रामीणों एवं एसएसबी के बीच एक महत्वपूर्ण ग्राम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समवाय प्रभारी श्री बलदेव सिंह (सहायक कमांडेंट) ने की। इस बैठक में कुल 15 ग्रामीण एवं 5 एसएसबी जवान उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर विभिन्न सामाजिक व सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बैठक के लिए आमंत्रित किए जाने पर आभार व्यक्त किया और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को भी साझा किया।
इस अवसर पर एसएसबी अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार ला सकें।
साथ ही नशा मुक्ति पर विशेष जोर देते हुए ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक रूप से भी परिवार को कमजोर बनाता है। नशे से होने वाली विभिन्न बीमारियों एवं दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।बैठक में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की अपील की गई।
इसके साथ ही मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया गया।एसएसबी अधिकारियों ने सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों, घुसपैठ तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तुरंत एसएसबी को दें, ताकि समय रहते उस पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि देशद्रोही, उपद्रवी एवं हिंसक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और इसमें ग्रामीणों की सतर्कता अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।अंत में, बैठक का समापन आपसी सहयोग एवं विश्वास को और मजबूत बनाने के संकल्प के साथ किया गया। यह पहल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा,जागरूकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।




























