अररिया /अरुण कुमार
अररिया जिले में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे समकालीन अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 280 ग्राम से अधिक स्मैक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक चार पहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक अररिया के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत आरएस थाना पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान गिदरिया ओवरब्रिज के समीप एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर रोक लिया।तलाशी के दौरान वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों के पास से कुल 280 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके अलावा उनके पास से तीन मोबाइल फोन, एक चार चक्का वाहन और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो० इस्तियाक उर्फ अर्श उर्फ मिंटू, समीर आलम और आयुष कुणाल के रूप में हुई है ।श्री कुमार ने बताया कि सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कारवाई की जा रही है ।


























