विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सीमा से सटे भोरहा पंचायत अंतर्गत हरिहरपुर गांव के निकट गुरुवार देर रात करीब 10 बजे एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में स्थानीय निवासी बरातू हरिजन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।घायल की पहचान बरातू हरिजन (उम्र लगभग 45 वर्ष), पिता- बग्गू हरिजन, निवासी हरिहरपुर, पंचायत- भोरहा, थाना- टेढ़ागाछ के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार बरातू हरिजन दूसरी शादी के बाद से गांव छोड़कर दूसरे राज्य में रह रहे थे। वह अपनी पहली पत्नी से हुई पुत्री के विवाह के सिलसिले में गांव आए थे। बुधवार को पुत्री का विवाह संपन्न हुआ और गुरुवार सुबह उसकी विदाई के बाद रात में यह घटना घटित हो गई।बताया जाता है कि बरातू हरिजन जब भारत-नेपाल सीमा के समीप स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के निगरानी बिंदु के पास एक कल्वर्ट से गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और पेट पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही टेढ़ागाछ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु पूर्णिया रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को प्राप्त आवेदन में पुरानी रंजिश का जिक्र किया गया है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।


























