आलमारी /कटिहार – बलिया बेलौन पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने पीपल गाछी शेखपुरा इलाके में छापेमारी कर 305 लीटर देशी शराब के साथ दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष शाहिद हुसैन ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस टीम ने पीपल गाछी शेखपुरा में छापेमारी की गयी। छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में देसी शराब बरामद की गई। जिसे जब्त कर लिया गया।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार शेखर राय, मेघु शर्मा दोनों ग्राम शेखपुरा थाना बलिया बेलौन का निवासी है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कार्यों में शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा।
उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी।



























