जनगणना 2027 की तैयारी को लेकर बारसोई में प्रगणकों को मिला प्रशिक्षण

SHARE:

हर घर तक पहुँचने एवं डेटा की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर

बारसोई /कटिहार – भारत की जनगणना 2027 को दृष्टिगत रखते हुए नगर पंचायत कार्यालय बारसोई में रविवार को प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया।

उन्हें निर्देश दिया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रत्येक घर तक पहुँचकर जनसंख्या संबंधी समस्त आँकड़े संग्रहित किए जाएँ, प्रपत्र सावधानीपूर्वक भरे जाएँ तथा संबंधित दस्तावेजों का समुचित सत्यापन किया जाए। साथ ही, संग्रहीत सूचनाओं की गोपनीयता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।ईओ रजनीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है और यह देश की समस्त विकास योजनाओं का आधार है।

उन्होंने सभी प्रगणकों को पूर्ण ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की नसीहत देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि बारसोई का कोई भी परिवार या व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे।कार्यक्रम में नगर एवं प्रखंड के अधिकारी, कर्मचारी,जनप्रतिनिधि एवं नगर पंचायत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई