विदेशी चंदे से संचालित संस्थाओं पर कसा शिकंजा, आय-व्यय की हुई सघन जांच

SHARE:

सीमांचल क्षेत्र में विदेशी चंदे से संचालित संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों पर सरकार ने सख्ती बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में रविवार को विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के तहत निबंधित किशनगंज जिले में संचालित विभिन्न संस्थाओं में जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई।


जानकारी के अनुसार, जिले में एफसीआरए के तहत कुल पांच संस्थाएं निबंधित हैं, जिनमें डावर चैरिटेबल ट्रस्ट, निस्सी वेलफेयर सोसाइटी, मिल्ली एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी, बेथल एजुकेशन ट्रस्ट, इमानुएल मिशन सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं। जांच टीम ने इन संस्थाओं के पिछले दो वर्षों (2025-26 एवं 2026-27) के दौरान प्राप्त आय और किए गए व्यय से संबंधित अभिलेखों की गहन पड़ताल की।


जांच दल में अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार पंकज, राज्य कर संयुक्त आयुक्त रविंद्र कुमार, वरीय लेखा पदाधिकारी दीपक कुमार साह, वरीय उप समाहर्ता श्रुति कुमारी तथा लेखा पदाधिकारी दीपक कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।


अधिकारियों ने बताया कि यह जांच जिला पदाधिकारी के निर्देश पर की गई है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उन्हें सौंप दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि विदेशी फंडिंग को लेकर सरकार इन दिनों काफी गंभीर है, जिसके मद्देनज़र यह जांच अभियान चलाया जा रहा है। अब सबकी नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि संस्थाओं के आय-व्यय में कोई अनियमितता पाई जाती है या नहीं।

रिपोर्ट: अब्दुल करीम

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई