जय श्रीराम के जयघोष से भक्तिमय हुआ माहौल
बरारी /कटिहार – नगर पंचायत बरारी में रामनवमी के पावन अवसर पर बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव की अगुवाई में गुरुवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूरे नगर में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर क्षेत्र भगवा रंग से पटा रहा और जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा।
भव्य शोभायात्रा गांधी स्मृति भवन स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई। यात्रा रेफरल अस्पताल चौक,बरारी थाना चौक, डाकबंगला चौराहा, श्री भगवती मंदिर बरारी हाट, मालाकार चौक,बरारी बस्ती, अवध नगर चौक, धर्मशाला मुहल्ला, राम जानकी मंदिर गुरुबाजार, शहीद भगत सिंह चौक होते हुए काढ़ागोला स्टेशन बाजार पहुंची और अंत में पुनः बजरंगबली मंदिर, गांधी स्मृति भवन गुरुबाजार में संपन्न हुई।
शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में भगवा ध्वज लिए शामिल हुए।आगे-आगे चल रहे युवाओं का जोश और पीछे उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। ढोल-मंजीरा और डीजे की धुन पर रामभक्त झूमते नजर आये। भगवान श्रीराम, माता जानकी,भगवान लक्ष्मण एवं बजरंगबली की वेशभूषा में निकली झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
वहीं शोभायात्रा को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु शिवेश एवं अपर थानाध्यक्ष छोटू कुमार दल-बल के साथ पूरे मार्ग में तैनात रहे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
इस मौके पर एमएलसी प्रतिनिधि राजीव भारती,बीस सूत्री उपाध्यक्ष विक्की कुमार साह, समाजसेवी गौतम भगत, राजेश वोडा, अरविंद भगत,भोला सिंह, पंकज यादव, जितेंद्र यादव, रविंद यादव, गुड्डू गुप्ता, अमरेंद्र कुमार अमर, छोटू चौधरी, प्रवीण रिंकू, पवन चौरसिया, आदित्य भगत, संजय चौधरी, दिलीप भगत, अंकित अग्रवाल, रजत कश्यप, सुब्रत कुमार,अंकित चौधरी ,अमित भारती, सूरज चौरसिया सहित सैकड़ों रामभक्त मौजूद रहे।पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का संतुलन देखने को मिला। शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई इस शोभायात्रा ने बरारी में रामनवमी की आस्था को और भी प्रगाढ़ कर दिया।




























