कटिहार – विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल परिसर स्थित ‘कोशी क्षेत्रीय विकलांग विधवा वृद्ध कल्याण समिति’ के कार्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य सलाहकार बोर्ड सदस्य शिव शंकर रमाणी ने की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि शिव शंकर रमाणी ने सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित दिव्यांगजनों और उनके परिजनों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जोर दिया कि सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर मोहन कुमार पंजियार राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बोर्ड सदस्य, राष्ट्रीय न्यास, भारत सरकार एवं सदस्य, मानसिक स्वास्थ्य प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कटिहार के दिव्यांगजनों को ‘निरामया’ स्वास्थ्य बीमा योजना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
मोहन कुमार ने कहा कि योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को 1 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।योजना का लाभ सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म, बौद्धिक निशक्तता और बहु-दिव्यांगता से ग्रसित व्यक्तियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और उपचार में आर्थिक सहायता प्रदान करना है।कार्यक्रम को सफल बनाने में कई मानसिक दिव्यांग जनों के साथ माता-पिता एवं अभिभावक और समाजसेवियों ने अपनी भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के अंत में दिव्यांगजनों के अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर शिव शंकर रमाणी के साथ रवि कुमार रविदास, मानस कुमार, जूही खातून, अनंत कुमार, बेचन शाह, उपेंद्र मंडल, पूजा देवी, रंजन कुमार आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे । इसकी जानकारी संस्था के मीडिया प्रभारी विजय कुमार ने दी।




























