संवाददाता:विजय कुमार साह
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने सोमवार देर रात्रि एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा कुमार मुखिया (20 वर्ष), पिता धरमलाल मुखिया, थाना बीबीगंज, जिला किशनगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से कुल 117 लीटर अवैध शराब बरामद किया है, जिसमें विदेशी एवं नेपाली देशी शराब दोनों शामिल हैं। थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम सोमवार देर रात्रि नियमित गश्ती पर निकली थी। इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार युवक को देखकर पुलिस को शक हुआ। संद
िग्ध गतिविधि को देखते हुए झुनकी गर्राटोली मोड़ के समीप बाइक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई। जब्त शराब में 24 बोतल ब्लैक ओक, 120 बोतल फाइटर तथा 240 बोतल रेशम लीची नेपाली शराब शामिल है। कुल मिलाकर 45 लीटर विदेशी शराब और 72 लीटर नेपाली देशी शराब, यानी कुल 117 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा तस्करी में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सब-इंस्पेक्टर ब्रजकिशोर बैजू ने किया, जिनके साथ सशस्त्र पुलिस बल की टीम भी मौजूद रही।थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि वह किस नेटवर्क के तहत शराब की तस्करी कर रहा था और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस मामला दर्ज कर अग्रतर कारवाई में जुटी हुई है





























