किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत मटियारी पंचायत के नृत्यशाला गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी ।मालूम हो कि निर्माणाधीन पुल के नीचे अर्धनिर्मित कल्वर्ट के पास एक अज्ञात युवक का बुरी तरह जला हुआ शव बरामद किया गया है। शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह नृत्यशाला गांव के कुछ स्थानीय ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए जा रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन हाईवे के किनारे अर्धनिर्मित कल्वर्ट के पास उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब ग्रामीणों ने नजदीक जाकर देखा तो वहां एक जला हुआ शव पड़ा हुआ था। यह दृश्य देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।घटना की सूचना तुरंत टेढ़ागाछ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य सामग्री बरामद नहीं हुई है, जिससे जांच और अधिक जटिल हो गई है। थानाध्यक्ष मोहम्मद. इजहार आलम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया जा रहा है। टीम द्वारा मौके से साक्ष्य एकत्र किए जाएंगे और शव से आवश्यक नमूने लेकर जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।





























