कटिहार – जिले में हाल के दिनों में आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। प्राकृतिक आपदा के इस कहर से रबी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खासकर मक्का और गेहूं की फसलें बड़े पैमाने पर प्रभावित हुई हैं। कई प्रखंडों में खेतों में खड़ी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
इस गंभीर स्थिति को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जिले के अधिकांश प्रखंडों में मक्का और गेहूं उत्पादन करने वाले किसानों को सबसे अधिक क्षति हुई है। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
कांग्रेस कमिटी ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल एक विशेष टीम गठित कर सर्वे कराया जाए,ताकि वास्तविक क्षति का आकलन हो सके।
साथ ही, किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे इस संकट से उबर सकें। ज्ञापन में यह भी आग्रह किया गया है कि राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजकर किसानों के कृषि ऋण माफ करने की अनुशंसा की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके और उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके। मौके पर कटिहार कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि यदि समय रहते किसानो को सहायता नहीं मिली, तो किसानों की स्थिति और भी खराब हो सकती है किसान पहले ही आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, ऐसे में प्राकृतिक आपदा ने उनकी स्थिति और भी खराब कर दी है इसलिए जल्द पीड़ित किसानों को राहत मिलनी चाहिए। इस अवसर पर सउद मुखिया,कुमार विवेकानंद,सुदेश कुमार मंडल, राणा,रॉकी मंडल, मधुकर मंडल और सुभाष यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




























