मनसाही/कटिहार – किसान भवन मनसाही के कृषि समन्वयक मनीष कुमार एवं किसान सलाहकार अनिल कुमार सिंह मोहनपुर पंचायत एवं भेड़मारा पंचायत पहुंच कर मक्का सहित अन्य फसल के क्षति का आकलन किया। प्रखण्ड क्षेत्र में बेमौसम बारिश और आंधी ने किसानों की कमर तोड़ दी हैं । मक्का और आलू की फसल पूरी तरह तबाही के कगार पर पहुंच चुकी हैं ।
खेतों में कड़ी मेहनत कुछ ही घंटों में बर्बाद हो गई,जिससे किसानों के बीच गहरा मायूसी का माहौल हैं। डुमरिया विशनपुर की बुजुर्ग महिला किसान तिलिया देवी अपने खेत को दिखाते हुए भावुक हो उठीं और रोने लगीं। उन्होंने बताया कि पेंशन का पैसा बचा-बचाकर खेत की सिंचाई करवाई थी और खाद-बीज भी उधार लेकर डाला था।
अब सबसे बड़ी चिंता यह हैं कि कर्ज कैसे चुकाया जाएगा। किसान विष्णु देव चौधरी ने बताया कि कई वर्षों बाद इस तरह की आपदा देखने को मिली हैं। आलू की फसल उखाड़ने से पहले ही बारिश ने सब कुछ बर्बाद कर दिया। खेतों में पानी भर गया हैं। जिससे आधी फसल अब सड़ने की कगार पर हैं ।
वहीं मक्का किसान मो. आमिर,अरुण यादव,सुमित यादव,पिंकू यादव, रंधीर यादव,पंकज यादव, शेरू चौधरी,अमरजीत चौधरी और संतोष पोद्दार सहित अन्य किसानों का कहना हैं कि उनकी 80 प्रतिशत से अधिक फसल नष्ट हो चुकी हैं। किसानों ने सरकार से तत्काल मुआवजा और अनुदान देने की मांग की हैं,ताकि वे इस संकट से उबर सके।




























