डीआईजी विवेकानंद कुमार का बहादुरगंज थाना में औचक निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

SHARE:

बहादुरगंज/किशनगंज/निशांत

सोमवार को पूर्णिया प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) विवेकानंद कुमार ने बहादुरगंज थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र के अधीन विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


डीआईजी के बहादुरगंज थाना पहुंचते ही थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने थाना में संधारित विभिन्न फाइलों, लंबित कांडों तथा अन्य प्रशासनिक अभिलेखों की गहन समीक्षा की।


निरीक्षण के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीआईजी विवेकानंद कुमार ने बताया कि अगले तीन महीने के भीतर नव-निर्मित बहादुरगंज थाना भवन को हैंडओवर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए मॉडल थाना भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, हालांकि निर्माण कार्य में कुछ कमियां पाई गई हैं, जिनकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है, ताकि समय रहते उन्हें दूर कराया जा सके।


उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित कांडों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। डीआईजी ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपराध पर नियंत्रण को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस दिशा में ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


डीआईजी ने यह भी बताया कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में गलगलिया चेकपोस्ट का भी निरीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में बेहतर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित थाना क्षेत्रों के सभी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान एसपी संतोष कुमार, एसडीपीओ-1 गौतम कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह, थानाध्यक्ष संदीप कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई