बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट में बेटियों का जलवा, किशनगंज में छात्राओं ने लहराया परचम,आर्ट्स में गायत्री कुमार और नाजमीन परवीन संयुक्त जिला टॉपर

SHARE:


कॉमर्स में रौनक परवीन ने मारी बाजी

संवाददाता/किशनगंज

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा सोमवार को इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित होते ही किशनगंज जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बार के रिजल्ट में छात्राओं का शानदार दबदबा देखने को मिला। आर्ट्स और कॉमर्स संकाय में बेटियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर टॉप कर जिले का नाम रौशन किया है।


आर्ट्स में गायत्री और नाजमीन बनीं संयुक्त जिला टॉपर
कला संकाय में कोचाधामन प्रखंड अंतर्गत कारकून लाल हाई स्कूल, अलता हाट की मेधावी छात्रा गायत्री कुमार ने 500 में से 470 अंक (94 प्रतिशत) हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय, लोहागाड़ा की छात्रा नाजमीन परवीन ने भी 470 अंक (94 प्रतिशत) लाकर संयुक्त रूप से जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया।


इसी संकाय में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय +2 के छात्र हशमत रज़ा ने 468 अंक (93.60 प्रतिशत) प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं उच्च माध्यमिक विद्यालय, महेश बथना की छात्रा नूरी परवीन ने 467 अंक (93.40 प्रतिशत) प्राप्त कर तीसरा स्थान अपने नाम किया।


कॉमर्स में रौनक परवीन का कमाल

कॉमर्स संकाय में उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोचाधामन की छात्रा रौनक परवीन ने 500 में 442 अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया।


वहीं इंटर हाई स्कूल, किशनगंज के छात्र शहरयार आलम ने 433 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।


जबकि बहादुरगंज कॉलेज, बहादुरगंज के छात्र अरसलान गनी ने 429 अंक लाकर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया।


विज्ञान संकाय में भी शानदार प्रदर्शन


विज्ञान संकाय में उच्च माध्यमिक विद्यालय, चकला घाट के छात्र मोहम्मद नौनिहाल ने 500 में से 458 अंक (91.60 प्रतिशत) हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया।दूसरे स्थान पर प्रोजेक्ट आजाद एचएस, पोठिया के छात्र शम्स तबरेज रहे, जिन्होंने 455 अंक प्राप्त किए।


वहीं तीसरे स्थान पर उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंदर्भडांगा की छात्रा नूरी परवीन रहीं, जिन्होंने 453 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।


जिले में जश्न का माहौल


रिजल्ट जारी होने के बाद टॉपर्स के घरों और विद्यालयों में खुशी का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने छात्रों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। किशनगंज के इन होनहार छात्रों ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता जरूर मिलती है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई