टेढ़ागाछ में संतमत सत्संग का आयोजन,भक्तिमय हुआ माहौल

SHARE:

संवाददाता: विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय कुंवारी मैदान में आयोजित दो दिवसीय आध्यात्मिक संतमत सत्संग के 16वें जिला महा अधिवेशन का सोमवार को प्रातःकालीन सत्र अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर हरिद्वार से पधारे परम पूज्य स्वामी व्यासानंद जी महाराज ने अपने प्रेरणादायी प्रवचनों से उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान का अमृत पान कराया।

अपने संबोधन में स्वामी व्यासानंद जी महाराज ने कहा कि “आत्मा में अपार प्रकाश विद्यमान है, जिसे पहचानना और अनुभव करना ही संतमत का मूल उद्देश्य है। मनुष्य बाहरी संसार में सुख और संपत्ति की तलाश करता है, जबकि वास्तविक धन उसके भीतर ही निहित है।” सत्संग के आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि महा अधिवेशन में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई है।

साथ ही, दूर-दराज से आए भक्तों के ठहरने, स्नान एवं शौचालय की भी सुलभ और व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े। दो दिवसीय इस आध्यात्मिक महा अधिवेशन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालुओं का मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल आध्यात्मिक चेतना को जागृत करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सद्भाव का भी संचार करते हैं।

स्वामी व्यासानंद जी महाराज के प्रवचनों ने लोगों के जीवन को नई दिशा देने का कार्य किया है, जिससे वे आत्मिक शांति और सच्चे सुख की ओर अग्रसर हो सकें। बता दे कि प्रातःकालीन सत्संग के दौरान हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शांतिपूर्वक बैठकर स्वामी जी के प्रवचन को ध्यानपूर्वक सुनते नजर आए। पूरे परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण व्याप्त था, जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई