किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय कुवाड़ी परिसर में संतमत सत्संग का 16वां जिला महा अधिवेशन 23 एवं 24 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। इस दो दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन समिति के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 मार्च को प्रातः कालीन सत्र से ही संतमत सत्संग की शुरुआत हो जाएगी। इस अवसर पर परम पूज्य स्वामी व्यासानंद महाराज जी का प्रवचन प्रारंभ होगा, जिसे सुनने के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बताया जा रहा है कि नेपाल, पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न जिलों से लाखों श्रद्धालु इस महा अधिवेशन में भाग लेंगे।
कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है। आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल का निर्माण कराया गया है, जहां श्रद्धालु बैठकर सत्संग का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के भोजन की समुचित तैयारी की गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालय, पेयजल, आवास एवं भजन-कीर्तन के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए अस्थायी शिविर भी बनाए गए हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजन समिति ने बताया कि सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन का सहयोग लिया जा रहा है, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात की गई है, जो श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेगी। इस महा अधिवेशन को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धालु इसे आध्यात्मिक ज्ञान और भक्ति के संगम के रूप में देख रहे हैं। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में शामिल होकर सत्संग का लाभ उठाने की अपील की है।





























