किशनगंज जिले के खगड़ा स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला में रविवार से तीन दिवसीय 25वीं वार्षिक ओपन शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला शतरंज संघ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का संचालन उसके लर्निंग पार्टनर चेस क्रॉप्स के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में गौरी शंकर विमला देवी चैरिटेबल ट्रस्ट, ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल तथा स्थानीय श्री दिगंबर जैन समाज सहित अन्य संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सह जिला शतरंज संघ के पदेन अध्यक्ष विशाल राज ने किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, धैर्य और रणनीति का श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला शतरंज संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता एवं आयोजन सचिव कमल कर्मकार ने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में ठाकुरगंज समेत आसपास के क्षेत्रों से कुल 62 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता कुल 9 राउंड में आयोजित की जा रही है, जिसके बाद अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक दो राउंड की समाप्ति के बाद पिछले वर्ष के जिला चैंपियन मुकेश कुमार सहित कई वरीय खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। इनमें दिव्यांशु कुमार सिंह, सुबेंदु चक्रवर्ती, रोहन कुमार, पलचीन जैन, निरोज खान, जयश्री प्रभा, तराशा कुमारी, धान्वी कर्मकार, आयुष कुमार, सुधांशु सरकार, मोहम्मद अमानुल्लाह तथा आद्रिज कर्मकार ने 2-2 अंक अर्जित किए हैं।
सोमवार को प्रतियोगिता के अगले तीन राउंड खेले जाएंगे।
उद्घाटन अवसर पर उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा प्रह्लाद कुमार, मनीष कुमार, गौरी शंकर विमला देवी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से विनीत अग्रवाल, यामिनी अग्रवाल, मुदित अग्रवाल, संघ के उपाध्यक्ष बासुकी नाथ गुप्ता, राजेश कुमार दास, अधिवक्ता मोनिका साहा, शैलेंद्र कुमार सुमन, सत्यम कुमार साहा, पिंकी भास्कर, प्रिया चौधरी, सुनीता दास, हादिया रहमान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





























