वासंतिक नवरात्र के तीसरे दिन मां चन्द्रघंटा की आराधना,मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

SHARE:

मनिहारी /कटिहार 

वासंतिक नवरात्र के तीसरे दिन सनातन धर्मावलंबियों ने देवी दुर्गा के तृतीय स्वरूप मां चन्द्रघंटा की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। क्षेत्र के विभिन्न चैती दुर्गा पूजा मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां की प्रतिमा स्थापित कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न की और सुख-शांति की कामना की।

नगर के अर्द्धनारीश्वर गौड़ीशंकर महादेव मंदिर प्रांगण में विशेष रूप से मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप की पूजा धर्माचार्यों द्वारा वैदिक रीति से कराई गई। इस दौरान “पिण्डजप्रवरारूढ़ा चण्डकोपास्त्रकेर्यता, प्रसादं तनुते मह्यं चन्द्रघंटेति विश्रुता” मंत्र के साथ मां चन्द्रघंटा का आह्वान किया गया। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।

महिला, पुरुष और बच्चे सभी भक्ति भाव में लीन नजर आए। भजन-कीर्तन और घंटों की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां से परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में अमन-चैन की कामना की।पूजा के बाद प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। नवरात्र के इस पावन अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखा जा रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई