ससंवाददाता/किशनगंज
किशनगंज पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बुधवार की शाम को शहर के एनएच सर्विस रोड पर एक होटल के पास की गयी।
पुलिस ने आरोपी नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान शहर के मोतीबाग निवासी और लाल मोहम्मद टेउसा निवासी को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ गौतम कुमार ने गुरुवार की शाम को सदर थाना में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि जिले में बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए किशनगंज पुलिस विशेष अभियान चला रही है।
जिसके तहत इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। एसपी संतोष कुमार के निर्देशन में डीआईयू को तकनीकी और गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक चोरी का आरोपी नितिश कुमार किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से चोरी की बाइक पर जा रहा है।
सूचना मिलते ही डीआईयू टीम और किशनगंज थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी की।कार्रवाई में दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों के पास से एक ग्लैमर मोटरसाइकिल नंबर बीआर 37 ए ए 8533 बरामद हुई।नितिश कुमार उर्फ नितिश चौहान पर बाइक चोरी, लूट,हत्या का प्रयास,मादक पदार्थ और मारपीट के आठ से अधिक मामले दर्ज हैं।





























