कटिहार:जिले में रसोई गैस की नहीं है कमी, कालाबाजारियो पर कारवाई होगी-डीएम

SHARE:

कटिहार –जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति भी सामान्य है।रसोई गैस को लेकर घरेलू उपभोक्ताओं को घबराने की जरुरत नहीं है और न हीं गैस वितरकों के यहाॅ में अनावश्यक भीड़ जमा होना।यह जानकारी जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं आरक्षी अधीक्षक शिखर चौधरी ने संयुक्त रुप से प्रेस वार्ता आयोजित कर दी है।

उन्होंने कहा है कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और तनाव के कारण रसोई गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन द्वारा कड़ा रुख अपनाया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा है कि जिले के तीनों अनुमंडलों में कार्यरत सभी 54 गैस वितरकों के पास उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध हैं।

वर्तमान में जिले में कुल 20,558 घरेलू और 1,033 व्यवसायिक सिलेंडर का भंडार है। 18 मार्च को 4926 बुकिंग के विरुद्ध 4,791 सिलेंडरों की आपूर्ति की गई है। वहीं गुरुवार को भी विभिन्न कंपनियों से 13,360 नए सिलेंडरों की खेप जिले को प्राप्त होने वाली है।उन्होंने कहा है कि गैस के किल्लत की अफवाह का फायदा उठाकर अवैध वसूली और कालाबाजारी करने वालों से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किया गया है।

सभी प्रखंडों के लिए गठित विशेष धावा दल लगातार निगरानी कर रहा है। एसपी ने बताया कि 18 मार्च को शहर में गैस वितरण में अनियमितता पाए जाने पर एक एजेंसी के कर्मियों के विरुद्ध सहायक थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एचपीसीएल,बीपीसीएल और आइओसीएल के अधिकारियों के साथ लगातार बैठक किया जा रही है,ताकि आपूर्ति शृंखला बाधित नहीं हो। डीएम ने बताया कि गैस प्राप्ति में कठिनाई या अधिक कीमत वसूली की शिकायत उपभोक्ता जिला के हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 एवं 239026 पर दर्ज करा सकते हैं। मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अभिषेक रंजन सहित अन्य भी मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई