बहादुरगंज/किशनगंज/निशांत
बहादुरगंज थाना पुलिस ने गुरुवार की अहले सुबह एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब की खेप के साथ दो टेंपो जब्त किए। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार होने में सफल रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ठाकुरगंज की ओर से अवैध शराब की एक खेप अररिया ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर बहादुरगंज थाना पुलिस ने एनएच-327 पर दारुल उलूम चौक के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान ठाकुरगंज की ओर से आ रही दो टेंपो (BR 11PC 8940 एवं BR 11PC 9734) के चालकों ने पुलिस को देख वाहन सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों टेंपो की तलाशी ली, जिसमें विभिन्न ब्रांड की कुल 182.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में एसआई रामबाबू चौधरी, प्रमोद कुमार, एएसआई सुनील कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने जब्त टेंपो के चालक एवं वाहन मालिकों के खिलाफ बिहार राज्य मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।





























