संवाददाता/ किशनगंज
सिलीगुड़ी इलाज कराने गई महिला के घर चोरी
पूरे परिवार के साथ सिलीगुड़ी इलाज कराने गई महिला के घर चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने घर के दरवाजों पर जड़ें छह ताले को तोड कर कीमती सामान चोरी कर लिया।
गत सोमवार को जब डुमरिया काली मंदिर, वार्ड नंबर 30 निवासी पीड़िता राधा रानी राय पति सपन राय अपने परिवार के साथ घर वापस लौटी तो दरवाजों का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए।
कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी भी टूटी पड़ी थी। चोरों ने 55 इंच के टीवी, लगभग 80 हजार रुपये, सोने चांदी के जेवरात, महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था।
चोरों ने आठ दिनों से बंद पड़े घर को निशाना बनाया, लेकिन आस पड़ोस के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। बहरहाल पीड़िता के लिखित शिकायत पर टाउन थाना में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
























