किशनगंज/पोठिया/राज कुमार
अवैध बालू खनन के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र से लेकर छत्तरगाछ पुलिस कैंप इलाके तक लगातार कार्रवाई कर खनन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया गया है।
मंगलवार को पहाड़कट्टा थाना अंतर्गत परलाबड़ी काला सिंघिया घाट पर गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। मौके से अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई और कई लोग मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार ने बताया कि सभी ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस धंधे से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
इधर छत्तरगाछ पुलिस कैंप क्षेत्र के सतमेरी डॉक नदी में भी अवैध खनन का खेल उजागर हुआ। यहां खनन में प्रयोग की जा रही कई नाव को पुलिस ने मौके पर ही विनष्ट कर दिया। कैंप प्रभारी रामबहादुर शर्मा ने बताया कि नाव से अवैध खनन कर बालू की तस्करी की जा रही थी। अवैध खनन में प्रयोग किये जाए रहे नावो को विनिष्ट किया गया हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन इलाकों में अवैध खनन का कारोबार फल फूल रहा था। रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों और नावों के जरिए बालू की ढुलाई की जाती थी। इससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा था, वहीं पर्यावरण पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा था।
बताते चले कि यह सख्ती पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार और एसडीपीओ टू ठाकुरगंज मंगलेश कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। दोनों अधिकारियों के निर्देश पर लगातार छापेमारी और निगरानी बढ़ाई गई है। इसी का असर है कि अब एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से इलाके में अवैध धंधों पर लगाम लग रही है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रही तो खनन माफियाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकेगा।
























