सेवा और समर्पण की मिसाल
कटिहार – अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विकास खंडेलिया ने जानकारी दिया कि जब आपदा की घड़ियाँ मानवता की परीक्षा लेती हैं, तब निस्वार्थ सेवा ही आशा की किरण बनकर उभरती है। खाड़ी देशों दुबई, अबू धाबी, कतर, बहरीन, ओमान में उत्पन्न हालिया चुनौतीपूर्ण और अनिश्चित परिस्थितियों के बीच मारवाड़ी युवा मंच एआईएमवाईएम टीम यूएई ने थके और डरे हुए समाज बंधुओं के लिए एक रक्षक की भूमिका निभाई है।

सशक्त युवा – सशक्त राष्ट्र’ के अपने संकल्प को चरितार्थ करते हुए टीम ने अब तक 3000 से अधिक लोगों तक सीधी सहायता पहुँचाई है।
संकट में साथ केवल सहायता नहीं, एक भरोसा –
यह अभियान मात्र कागजी आँकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उन हजारों परिवारों की दुआओं से जुड़ा है जो परदेश में स्वयं को असहाय महसूस कर रहे थे। टीम यूएई के सदस्यों ने दिन-रात एक कर जरूरतमंदों को उचित मार्गदर्शन, समन्वय और हर संभव मानवीय मदद प्रदान की।ताकि इस कठिन समय में कोई भी समाज बंधु स्वयं को अकेला न समझे।
घर वापसी का सपना हुआ साकार –
यूएई में फंसे उन लोगों के लिए, जिनकी आँखें अपने वतन की मिट्टी और अपने परिवार को देखने के लिए तरस रही थीं, टीम ने विशेष चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था की। इस संवेदनशील पहल के माध्यम से सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की गई। जिसके अंतर्गत 158 प्रवासियों का जत्था दुबई से मुंबई पहुँच चुका है।
अपनों से मिलने की वह खुशी और राहत उन सभी स्वयंसेवकों के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है ।जिन्होंने इस कार्य में अपना सर्वस्व झोंक दिया। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयोजक अंतर्राष्ट्रीय मामले उमेश गर्ग ने भावुक होते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज के लिए संगठित होकर सेवा करना ही हमारे सच्चे सामाजिक दायित्व की पहचान है।’
उन्होंने टीम यूएई के अटूट समर्पण और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रयास पूरे मारवाड़ी समाज के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने पूरी टीम को इस उत्कृष्ट कार्य और निस्वार्थ सेवा भावना के लिए हार्दिक धन्यवाद एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस मानवीय मिशन को धरातल पर उतारने में समर्पित सदस्यों ने मुख्य भूमिका निभाई जिसमें दुबई के रविन्द्र अग्रवाल एवं हिमांशु अग्रवाल, अबू धाबी के आनन्द अग्रवाल, के ओमान बसंत बगडिया एवं अनुराग अग्रवाल ,सऊदी अरबिया के लक्ष्मण सिंह परमार, बहरीन के विनीत मारू, कुवैत के आदित्य, कतर के शेखर अग्रवाल आदि शामिल रहे।
रिपोर्ट: सत्येन्दु सुमन


























