टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत के शीशागाछी गांव में शनिवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, किशनगंज के तत्वावधान में माफीटोला कंपनी की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें सीमा क्षेत्र के किसानों को कृषि कार्य में सहयोग देने के उद्देश्य से कृषि उपकरण वितरित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, किशनगंज के कमांडेंट बलजीत सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय मुखिया अबु बकर ने कमांडेंट बलजीत सिंह को बुके भेंट कर सम्मानित किया और सीमा क्षेत्र के विकास में एसएसबी की भूमिका की सराहना की।
नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के 25 किसानों के बीच स्प्रे मशीन का वितरण किया गया। इस अवसर पर किसानों में काफी उत्साह देखा गया। किसानों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से उन्हें कृषि कार्य में काफी सुविधा मिलेगी और फसल उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट बलजीत सिंह ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल केवल सीमाओं की सुरक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सीमा क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम के माध्यम से किसानों, युवाओं एवं आम लोगों के बीच जागरूकता और सहयोग बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि सीमा क्षेत्र के लोगों और सुरक्षा बलों के बीच आपसी विश्वास और संबंध मजबूत हो सके।
वहीं भोरहा पंचायत के मुखिया अबु बकर ने कहा कि 12वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, किशनगंज द्वारा सीमा क्षेत्र में लगातार जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिसका लाभ सीधे ग्रामीणों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि एसएसबी की पहल से किसानों को कृषि उपकरण मिलने से खेती-किसानी के कार्य में काफी मदद मिलेगी।माफीटोला कंपनी के सहायक कमांडेंट जगदेव ने बताया कि नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत प्रखंड क्षेत्र के 25 किसानों को स्प्रे मशीन वितरित की गई है। उन्होंने कहा कि एसएसबी का उद्देश्य सीमा क्षेत्र के लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने भी एसएसबी के इस प्रयास की सराहना की।
किसान अजीम राय, अरविंद यादव, शहनाज बेगम, शहर बानो, तस्मीना, दिनेश प्रसाद साह सहित अन्य किसानों ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल द्वारा समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में रह रहे लोगों तक सरकार की योजनाओं और सुविधाओं को पहुंचाने में एसएसबी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।ग्रामीणों ने इस पहल के लिए एसएसबी के जवानों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम भविष्य में भी जारी रहने चाहिए, ताकि किसानों और आम लोगों को लगातार सहायता मिलती रहे।
कार्यक्रम के दौरान एसएसबी के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और सराहनीय रहा, जहां सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला।



























